टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड के साथ संपन्न हुआ इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल

ख़बर शेयर करे -

The post टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड के साथ संपन्न हुआ इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल appeared first on Avikal Uttarakhand.

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। यूकॉस्ट में आयोजित तीन दिवसीय सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का शनिवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के साथ नौवें टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें शिक्षा, शोध, नवाचार एवं अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 41 शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति के बिना किसी भी राष्ट्र का विकसित होना संभव नहीं है। भारत सरकार ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है और इसी दिशा में राज्य सरकारें भी अपने विजन एवं नीति दस्तावेज तैयार कर रही हैं। उत्तराखंड ने भी इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। उन्होंने शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, प्रोफेसरों एवं नवाचार के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों से आह्वान किया कि विकसित भारत एवं विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दें।

समारोह में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप तथा यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) के कुलपति डॉ. सुनील रॉय को वाइस चांसलर ऑफ द ईयर सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त एक्सीलेंस इन रिसर्च, प्रिंसिपल ऑफ द ईयर एवं टीचर ऑफ द ईयर सहित विभिन्न श्रेणियों में कुल 41 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड्स का चयन एक उच्चाधिकार प्राप्त स्क्रीनिंग एवं चयन समिति द्वारा किया गया। इस वर्ष समिति की अध्यक्षता उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ति ठाकुर ने की। 13 शिक्षाविदों एवं विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों की इस समिति ने गहन मूल्यांकन के बाद पुरस्कार विजेताओं का चयन किया। इससे पूर्व यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ दुर्गेश पंत ने स्वागत भाषण के माध्यम से सभी अतिथियों का स्वागत किया।

फेस्टिवल के अंतिम दिन उत्तराखंड साइंस मीडिया एंड कम्युनिकेटर्स मीट का भी आयोजन किया गया, जिसमें सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद कर विज्ञान संचार की भूमिका एवं महत्व पर विचार साझा किए।

इसके साथ ही ड्रोन टेक्नोलॉजी पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें शासन के सचिव दीपक कुमार ने विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ ड्रोन तकनीक की संभावनाओं एवं उपयोगिता पर चर्चा की। जेबीआईटी इंस्टीट्यूट के सहयोग से ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन किया गया तथा विद्यार्थियों को ड्रोन उड़ाने का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी दिखाया गया।

फेस्टिवल में आयोजित मेडिटेक कॉन्क्लेव में प्रदेशभर के मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस एवं नर्सिंग के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। कॉन्क्लेव में चिकित्सा एवं प्रौद्योगिकी के समन्वय पर विचार-विमर्श हुआ। निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, जीआरडी विश्वविद्यालय के कुलपति एवं प्रख्यात टेक्नोक्रेट डॉ. मनीष प्रतीक तथा फॉनिक्स विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनीष पांडे ने चिकित्सा क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते प्रभाव और मेडिकल एवं टेक्नोक्रेट्स के बीच सहयोग को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर चर्चा की।

इसके अलावा बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर), कॉपीराइट एवं पेटेंट विषय पर महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को बौद्धिक संपदा अधिकारों के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

फेस्टिवल के अंतिम दिन साइंस एंड टेक्नोलॉजी एग्जिबिशन में विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। विज्ञान, नवाचार, तकनीकी प्रदर्शन, कार्यशालाओं एवं सम्मान समारोहों के विविध आयोजनों के साथ सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का सफल समापन हुआ। आज के कार्यक्रमों में मुख्य रूप से उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ तृप्ता ठाकुर, डीएवी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ अजय सक्सेना, कुमाऊँ विश्वविद्यालय टीचर्स एसोसिएशन के ललित तिवारी आदि उपस्थित थे।

The post टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड के साथ संपन्न हुआ इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल appeared first on Avikal Uttarakhand.


ख़बर शेयर करे -