The post सोनिया गांधी की पुस्तक के इर्द गिर्द घूमी हरदा की संडे बैठकी appeared first on Avikal Uttarakhand.
पूर्व सीएम हरीश रावत के संडे स्पेशल मूव ने चौंकाया
भेंट की सोनिया गांधी की पुस्तक BELONGING A JOURNEY OF LOVE
अविकल थपलियाल
देहरादून। पूर्व सीएम हरीश रावत अक्सर अपनी विशिष्ट शैली से चौंकाते रहते हैं। पहाड़ी पारंपरिक फलों और भोज्य पदार्थों की दावत के बहाने महफ़िल सजाने वाले हरदा ने इस बार किताब की बैठकी लूट ली।
सार्वजनिक जीवन में राजनीति के दायरे से बाहर निकलकर साहित्य, संवाद और व्यक्तिगत संबंधों के जरिए भी विभिन्न विचारधाराओं से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाया जा सकता है। हरीश रावत की संडे स्पेशल इस पहल को इसी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने रविवार को देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों के सम्मान में आत्मीय दोपहर भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ आमंत्रित अतिथियों को भेंट की।
आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा चिकित्सक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, वामपंथी दलों के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल थीं। राजनीतिक विचारधाराओं से इतर यह आयोजन आपसी संवाद और वैचारिक आदान-प्रदान का साझा मंच बना।

भोज से पहले पूर्व सीएम हरीश रावत ने स्वयं प्रत्येक अतिथि के पास जाकर उन्हें सोनिया गांधी की पुस्तक भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा ने भी पद्मश्री बसंती बिष्ट, पूर्व मुख्य सचिव और अन्य अतिथियों को पुस्तक प्रदान की।
उन्होंने सोनिया गांधी के साथ बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए उनके व्यक्तित्व में निहित आत्मीयता और ममत्व का उल्लेख किया। शैलजा ने कहा कि सोनिया गांधी के साथ बिताए पल उनके लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेंगे।
हाल ही में दिल्ली में राहुल गांधी,खड़गे व वेणु गोपाल से मुलाकात के बाद हरदा के नए मूव का इंतजार किया जा रहा था। हरदा ने रविवार की छुट्टी के दिन सोनिया गांधी की पुस्तक पर चर्चा और वितरण कर जारी बहस को एक कदम और आगे बढ़ा दिया।
प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं को भी भोज की किताब थीम की पटकथा भी अंतिम समय पर मिली। लिहाजा, बैठकी की मूल चर्चासोनिया गांधी की किताब के इर्द गिर्द ही रही। किताब से जुड़े प्रसंग और विपक्षी खेल भी बहस का मुद्दा बने।

राजनीति में टाइमिंग और आइडिया की अहम भूमिका रहती है। इधऱ, कांग्रेस की चुनावी टीम में स्थान नहीं बना पाने के बावजूद हरदा ने सोनिया गांधी की किताब के बहाने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, वामपंथी दल नौकरशाही के शीर्ष पदों से रिटायर हुए अधिकारियों और मीडिया को एक टेबल पर लाकर सटीक समय पर संडे की स्पेशल पटकथा अवश्य लिख दी। प्रदेश की राजनीति में इसे हरदा का एक्सक्लूसिव शॉट माना जा रहा है।

सोनिया गांधी की पुस्तक में जुटे अहम हस्ताक्षर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य हरक सिंह व प्रीतम सिंह ने कुमारी शैलजा के विचारों का समर्थन किया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों का स्वागत भी किया।
भोजन के बाद पुस्तक की विषयवस्तु, उसके भावनात्मक पक्ष और उसमें व्यक्त अनुभवों को लेकर चर्चा हुई। अतिथियों ने अपने विचार और प्रतिक्रियाएं साझा कीं। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय परिचितों और मित्रों के साथ एक मंच पर मिलने और आत्मीय संवाद का अवसर मिला। सोनिया गांधी की पुस्तक उपहार में मिलना इस मुलाकात को और खास बना गया।
किताब बैठकी के दौरान पद्मश्री बसंती बिष्ट ने पुस्तक के हिंदी अनुवाद पर जोर दिया। ताकि अधिक लोग पुस्तक का लाभ उठा सके।
इस आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही प्रशासनिक, सामाजिक, साहित्यिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्र की हस्तियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में गुरदीप सिंह सप्पल, करण माहरा, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, शूरवीर सिंह सजवाण, भुवन कापड़ी, मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, सुरेंद्र अग्रवाल, संजय शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, प्रदीप जोशी और सुमित्रा भुल्लर शामिल हुए।

इसके अलावा पूर्व मुख्य सचिव नृप सिंह नपच्याल, पूर्व आईएएस विनोद शर्मा और चंद्र सिंह नपच्याल, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत और बसंती बिष्ट, वामपंथी नेता इंद्रेश मैखुरी, समर भंडारी और राजेंद्र सिंह नेगी, एसएन सचान, अनूप नौटियाल, ब्रिगेडियर पाहवा, डीएस खाती, अजय रौतेला, डॉ. विजय धस्माना, डॉ. विपुल कंडवाल, डॉ. महेश कुड़ियाल, डॉ. सिद्धांत खन्ना, नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डीपी जोशी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ट्रेड यूनियन नेता जगदीश कुकरेती, कर्नल प्रकाश सिंह दसौनी, अधिवक्ता अतुल पुंडीर, देहरादून बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, अधिवक्ता टीएस बिंद्रा, डॉ. हर्ष डोभाल, डॉ. आरए खान, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. सुशील सिंह, दिनेश अग्रवाल, प्रो. सतेंद्र सिंह रावत, कुमाऊं सभा के अध्यक्ष कमल सिंह रजवार, डॉ. महेंद्र सिंह कुंवर, सीआईएमएस कॉलेज के चेयरमैन ललित जोशी, लेखक गणेश शैली, संदीप साहनी, राजीव जैन, इंद्र सिंह खत्री, पंकज अग्रवाल, गुलजार अहमद, इंजीनियर सलमान और नंदलाल भारती भी शामिल हुए।
The post सोनिया गांधी की पुस्तक के इर्द गिर्द घूमी हरदा की संडे बैठकी appeared first on Avikal Uttarakhand.


