The post आपदा से निपटने को तकनीक और प्रशिक्षण पर जोर appeared first on Avikal Uttarakhand.
छह वर्षों में 2.69 लाख लोगों को दिया गया प्रशिक्षण
525 सेंसर और 434 सेटेलाइट फोन से मजबूत हुई निगरानी व्यवस्था
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक आधारित और प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पूर्व चेतावनी प्रणाली से लेकर राहत एवं बचाव अभियान, वैज्ञानिक जोखिम आकलन और जनभागीदारी तक विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। प्रदेश में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं, जबकि आपदा की स्थिति में संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए 434 से अधिक सेटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव तक सीमित रखने के बजाय आपदा से पहले तैयारी, समय रहते चेतावनी, त्वरित प्रतिक्रिया और पुनर्वास की समन्वित व्यवस्था के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है, जहां आपदा प्रबंधन के लिए पृथक विभाग गठित किया गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को राज्य में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और तहसील स्तर पर मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य कार्यक्रम 27 नवंबर को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री प्रतिभाग करेंगे।
संस्थागत ढांचे को मिली मजबूती
राज्य में आपदा प्रबंधन के संस्थागत ढांचे को मजबूत करने के लिए वर्ष 2007 में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का गठन किया गया। वर्ष 2014 में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की स्थापना हुई। वर्ष 2025 में घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) को राज्य, जनपद और तहसील स्तर तक विस्तारित किया गया। वहीं, वर्ष 2022 में उत्तराखण्ड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया गया।
525 सेंसर से मौसम और जलस्तर पर निगरानी
आपदा की आशंका का समय रहते पता लगाने और प्रभावित क्षेत्रों तक चेतावनी पहुंचाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया गया है। प्रदेश में कुल 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं। इनमें 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, तीन डॉप्लर वेदर रडार और तीन लाइटनिंग सेंसर शामिल हैं।
इसके अलावा 434 से अधिक सेटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं। कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल, ईआरएसएस-112, पुलिस एवं वन विभाग के वायरलेस नेटवर्क, ई-मेल और सोशल मीडिया के जरिए बहुस्तरीय चेतावनी व्यवस्था संचालित की जा रही है। भूदेव और सचेत ऐप भी इस व्यवस्था का हिस्सा हैं। सेल ब्रॉडकास्ट आधारित नई प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया है। इसके जरिए बिना किसी ऐप अथवा इंटरनेट के सीधे मोबाइल फोन पर आपदा संबंधी अलर्ट भेजना संभव होगा।
2.69 लाख से अधिक लोगों को दिया प्रशिक्षण
आपदा के दौरान स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया और राहत कार्यों में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक आयोजित 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 2,69,038 लोगों को प्रशिक्षित किया गया। अकेले वर्ष 2025-26 में 972 कार्यक्रमों के माध्यम से 1,19,497 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया।
इन कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा माई भारत स्वयंसेवकों को भी शामिल किया गया है। युवा आपदा मित्र और आपदा सखी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय समुदायों को आपदा से निपटने के लिए सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्लेशियल झीलों की निगरानी के लिए सेंसर आधारित प्रणाली
वैज्ञानिक जोखिम आकलन के तहत जीआईएस आधारित जोखिम मानचित्रण, बाढ़ एवं जलभराव की संभावनाओं का आकलन और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। ग्लेशियल झीलों से उत्पन्न संभावित खतरों को देखते हुए निगरानी तंत्र विकसित किया गया है। चमोली जिले के वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित ग्लेशियल लेक पूर्व चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई है।
वनाग्नि, चारधाम यात्रा, बाढ़, भूकंप और मानसून जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए वर्ष 2025-26 में विभिन्न स्तरों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गईं। दो जुलाई 2026 को राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल भी की गई।
राहत एवं बचाव संसाधनों का विस्तार
यूएसडीआरएफ परियोजना के तहत 36 पुलों का निर्माण, आठ सड़कों पर सुरक्षा कार्य, आपदा आश्रयों का निर्माण और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। हाइड्रोमेट और पूर्व चेतावनी तंत्र को मजबूत करने के साथ एसडीआरएफ को आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण और संचार संसाधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त 18 फायर स्टेशन एवं प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण और उपकरण उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
आपदा प्रबंधन में राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि और सिंचाई विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाया गया है।
आपदा प्रभावितों की सहायता राशि में भी वृद्धि
आपदा प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) के तहत विभिन्न मदों में सहायता राशि के मानकों में वृद्धि की है। राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री के अनुरोध पर किए गए संशोधनों के बाद कई मदों में प्रभावितों को पहले से अधिक सहायता मिल सकेगी।
प्रमुख बदलावों के तहत आपदा में मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता चार लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख रुपये प्रति मृतक कर दी गई है। 60 प्रतिशत से अधिक गंभीर दिव्यांगता की स्थिति में सहायता 2.50 लाख से बढ़ाकर 3.20 लाख रुपये की गई है।
फसल क्षति पर वर्षा आधारित फसलों के लिए सहायता 8,500 से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर, सुनिश्चित सिंचाई वाली फसलों के लिए 17,000 से बढ़ाकर 22,000 रुपये और बारहमासी एवं बागवानी फसलों के लिए 22,500 से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है।
पशुधन क्षति में बड़े पशुओं के लिए सहायता 37,500 से बढ़ाकर 50,000 रुपये और छोटे पशुओं के लिए 4,000 से बढ़ाकर 5,100 रुपये प्रति पशु की गई है। पोल्ट्री क्षति पर सहायता 100 से बढ़ाकर 130 रुपये प्रति पक्षी की गई है।
मकान क्षति के मामलों में मैदानी क्षेत्रों में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता 1.20 लाख से बढ़ाकर 1.60 लाख रुपये तथा पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में 1.30 लाख से बढ़ाकर 1.70 लाख रुपये की गई है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए सहायता 6,500 से बढ़ाकर 8,500 रुपये और कच्चे मकान के लिए 4,000 से बढ़ाकर 5,500 रुपये की गई है।
राज्य सरकार का लक्ष्य आपदा प्रबंधन को राहत एवं बचाव तक सीमित न रखते हुए पूर्व तैयारी, वैज्ञानिक आकलन, त्वरित प्रतिक्रिया और पुनर्वास की समन्वित व्यवस्था के रूप में विकसित करना है। हालांकि, पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं के बीच इन व्यवस्थाओं की वास्तविक सफलता संकट के समय चेतावनी मिलने और राहत एवं बचाव दलों के प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने की गति से तय होगी।
The post आपदा से निपटने को तकनीक और प्रशिक्षण पर जोर appeared first on Avikal Uttarakhand.


