अज्ञात बाहन की चपेट  में  आकर तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत

ख़बर शेयर करे -

मुरादाबाद (ठाकुरद्वारा): उत्तर प्रदेश के ठाकुरद्वारा में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। जसपुर मार्ग पर बीती देर रात एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार तीन दोस्तों को ऐसी टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, खुशियों वाले घरों में चीख-पुकार मच गई। तीन जवानों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है

मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव तरफ दलपत के रहने वाले मुकेश कुमार (32 वर्ष), राकेश और ओमकार मंगलवार की रात करीब 11 बजे बाइक से ठाकुरद्वारा निकले थे। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त अपने किसी परिचित को उसके घर छोड़ने गए थे। अपनी दोस्ती का फर्ज निभाकर जब तीनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे, उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि मौत रास्ते में उनका इंतजार कर रही है।
हादसा उस वक्त हुआ जब उनकी बाइक ठाकुरद्वारा–जसपुर मार्ग पर फैजुल्लागंज के पास स्थित आरा मशीन के सामने पहुंची। तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक काफी दूर जाकर गिरे। राहगीरों और ग्रामीणों की सूचना पर जब तक लोग पहुंचे, तब तक तीनों के प्राण पखेरू उड़ चुके थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब तीनों दोस्तों के शव एक साथ गांव पहुंचे, तो मंजर देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव में तनाव और शोक को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था। शाम को गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है; उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों पर लगाम लगाई जाए और फरार वाहन चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएl

Sunil Kumar


ख़बर शेयर करे -